खटीमा में सीएम ने दी 108 करोड़ की योजनाओं की सौगात
खटीमा । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा खटीमा में 7 करोड़ 22 लाख 76 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण करने के साथ ही 108 करोड़ 84 लाख 28 हजार रुपये की लागत की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन खटीमा और आसपास के क्षेत्र के लिए विशेष है। गौ माता और भगवान के आशीर्वाद से उन्हें इस भव्य और आधुनिक गौशाला का लोकार्पण करने का अवसर मिला है। उन्होंने गौशाला निर्माण में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल गौशाला का उद्घाटन नहीं, बल्कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने के संकल्प की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश के कारण किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते हैं। वहीं सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। गौशाला के निर्माण से गोवंश के साथ किसानों और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गौ सेवक योजना को पूरे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास विभाग और पंचायती राज विभाग के सहयोग से 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सुरक्षा केवल सरकार का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को भी इसके लिए सामूहिक रूप से आगे आना होगा। सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही निराश्रित गोवंश के संरक्षण को प्रभावी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। सांसद अजय भट्टð ने कहा कि प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने निराश्रित गोवंश के आश्रय के लिए गौशाला निर्माण को महत्वपूर्ण प्रयास बताया। अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जिन 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें राज्य मार्ग 70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग में 34.44 करोड़ रुपये की लागत से 13.600 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण, पुरनपुर मेन रोड से रपटा होते हुए जोगीढेर तक 2.41 करोड़ की लागत से चार किलोमीटर हॉट मिक्स सड़क, पहेनिया में देहवा फीडर शारदा नहर पर 2.48 करोड़ की लागत से 36 मीटर स्पान पुल तथा ज्ञानपुरगोढ़ी के पीपलगोला में 6.56 करोड़ की लागत से मोटर मार्ग एवं 60 मीटर स्पान आरसीसीपीएससी गार्डर पुल निर्माण शामिल है। इसके अलावा रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरीराई में 2.97 करोड़ की गौशाला, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में 7.06 करोड़ के आवासीय भवन, पुराने एनएच 125 से सुखापुल होते हुए लोहियाहेड मोटर मार्ग के 6.40 किलोमीटर हिस्से के 6.13 करोड़ से सुदृढ़ीकरण, जोगीढेर नगला में 6.01 करोड़ से छह किलोमीटर हॉट मिक्स सड़क, मेलाघाट रोड से बग्घा कालोनी होते हुए मयूर बिहार सेक्टर 2 और 3 तक 3.05 करोड़ से 2.60 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण, खेतलसंडाखाम में खकरा नाले पर 2.72 करोड़ से पुल निर्माण, खटीमा मुख्य रोड से खकरा क्रोकोडायल ट्रेल तक 3.45 करोड़ से 3.04 किलोमीटर मोटर मार्ग, बिकराबाग से चकरपुर तक 9.44 करोड़ से सड़क का उच्चीकरण, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक 13.42 करोड़ से फोरलेन चौड़ीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था तथा सिसैया, मेलाघाट एवं एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ सुरक्षा सहित सात गांवों में नदी और नालों की बाढ़ से सुरक्षा के कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, प्रेम सिंह टूरना, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, उत्तम दत्ता, किसन सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह राजू, अध्यक्ष गौ सेवा आयोग राजेंद्र अन्थवाल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, श्रीपाल सिंह, रवींद्र राणा, मनोज साही, राजपाल सिंह, बलराज सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



