कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
रोड शो की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने की
किच्छा। नगर पालिका परिषद किच्छा के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के समर्थन में रविवार को कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए जोरदार रोड शो निकाला। रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ रोड शो मुख्य मार्गों से होते हुए एमपी चौक, डीडी चौक और बरेली रोड तक पहुंचा। रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश व जिला स्तर के तमाम वरिष्ठ नेता, 20 वार्डों के प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। रोड शो की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने की। उनके साथ पूर्व सांसद महेंद्र पाल, विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, प्रदेश प्रवक्ता गणेश उपाध्याय, पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े। सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी बढ़ी है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया और कहा कि जनता के बीच कांग्रेस को मजबूत करने का अवसर है। आर्य ने कहा कि नगर पालिका में ऐसे जनप्रतिनिधियों को भेजा जाना चाहिए जो जनता के बीच उपलब्ध रहें और क्षेत्र के विकास के लिए काम करें। उन्होंने कांग्रेस को सभी समुदायों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी बताते हुए दोनों नगर पालिकाओं किच्छा और सिरौली में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने भी जनता से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मजबूत करने से संगठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी मजबूती मिलेगी। विधायक तिलकराज बेहड़ ने रोड शो में शामिल जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि किच्छा की सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की फिजा को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।रोड शो में कांग्रेस के वार्ड प्रत्याशियों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








