भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हल्द्वानी में युवाओं के साथ किया संवाद : रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता पर दिया जोर
हल्द्वानी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को हल्द्वानी में युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से प्रदेश और देश के भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा की तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए प्रेरित किया। संवाद कार्यक्रम में युवाओं ने उत्तराखंड की विभिन्न समस्याओं के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार की योजनाओं, उनके प्रभाव और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। संवाद के दौरान पलायन का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। युवाओं ने कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में युवा उत्तराखंड से बाहर जा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रें में स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण पलायन की समस्या लगातार चुनौती बनी हुई है। युवाओं ने कहा कि यदि प्रदेश में ही रोजगार, स्वरोजगार और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हों तो युवाओं को अपने गांव और प्रदेश में रोकने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है। इस पर नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड में पलायन एक गंभीर चुनौती है और इसका समाधान केवल किसी एक स्तर के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों का विस्तार जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी क्षमता और रुचि के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। संवाद में युवाओं के करियर, रोजगार और उद्यमिता को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। नितिन नवीन ने युवाओं से कहा कि वे केवल नौकरी की तलाश करने वाले न बनें, बल्कि अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार के माध्यम से रोजगार देने वाले बनने की दिशा में भी आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पारंपरिक रोजगार के साथ नए क्षेत्रें में भी संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। युवा अपनी क्षमताओं को पहचानकर इन अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी ऊर्जा को सही दिशा और पर्याप्त अवसर मिलें। युवा अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए नए विचार और पहल सामने ला सकते हैं। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। संवाद के दौरान युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को लेकर अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किए। युवाओं ने बताया कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचने के साथ ही उनकी जरूरतों के अनुरूप अवसरों का विस्तार किया जाना जरूरी है। युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी अपनी अपेक्षाएं सामने रखीं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से तय होगा। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की आकांक्षाओं को नीतियों और विकास योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपनी क्षमता का उपयोग समाज और राज्य के निर्माण में करने का आ“वान किया।



