August 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राष्ट्रगीत वंदे मातरम का अपमान देश का अपमान: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर हमला

देहरादून। वंदे मातरम को लेकर देशभर में जारी सियासी बहस के बीच उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। प्रेस वार्ता में भट्ट ने कहा कि भाजपा के लिए वंदे मातरम महज एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन और क्रांतिकारियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान किसी भी दबाव में कम नहीं होने दिया जाएगा।महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के वर्ष 1937 के प्रस्ताव को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐतिहासिक गलतियों को दोहरा रही है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना ने जिस तरह वंदे मातरम का विरोध किया था, उसी तरह कांग्रेस भी अब इसका बहिष्कार करने की कोशिश कर रही है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान की प्रति लेकर घूमने वाली कांग्रेस को संविधान की मूल भावना और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने वंदे मातरम को धर्म से ऊपर माना था, लेकिन कांग्रेस ने गांधी जी के नाम पर वोट तो लिए, उनकी विचारधारा को आगे नहीं बढ़ाया।भट्ट ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को समान दर्जा दिए जाने की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारों ने राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर आवश्यक कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को पहली बार लाल किले से राष्ट्रगीत को उसका खोया हुआ सम्मान मिला। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी पहला प्रस्ताव राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर पारित किया गया। भट्ट ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगीत के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस या किसी भी राजनीतिक दल का प्रस्ताव देश की संसद से ऊपर नहीं हो सकता। भाजपा राष्ट्रगीत के सम्मान और उसकी गरिमा को लेकर अपना अभियान जारी रखेगी।महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा ने वंदे मातरम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन-जागरण अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को बताया जाएगा कि जिस राष्ट्रगीत ने स्वतंत्रता आंदोलन को ऊर्जा और प्रेरणा दी, उसके सम्मान को लेकर कांग्रेस का रुख आपत्तिजनक है।उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बेहतर होगा कि वह अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आजादी के इस गीत को गाने के लिए प्रेरित करें। भट्ट ने कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान देश का अपमान है। उन्होंने दावा किया कि वंदे मातरम देशवासियों को एकजुट करने और राष्ट्र की एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भाजपा अब जन-जागरण अभियान के माध्यम से इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *