अमन हत्याकांड में शामिल बदमाश के पैर में लगी गोली
रुड़की। ढंडेरा के कैंटीन संचालक अमन हत्याकांड में शामिल बदमाशों की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि मौके से फरार हुए दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अमन हत्याकांड में शामिल बदमाश नगला इमरती अंडरपास से होते हुए फरार होने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। नगला इमरती के पास बाइक सवार तीन लोगों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक इस दौरान बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा, रुड़की के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मौके से फरार हुए दो अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।उधर, कैंटीन संचालक अमन की हत्या को लेकर पुलिस की जांच में कई अहम तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार हमलावरों ने अमन को निशाना बनाने से पहले रेकी की थी और वारदात के लिए स्थान व समय सुनियोजित तरीके से चुना गया था। हमलावरों ने पांच से अधिक गोलियां चलाईं। अमन के हाथ, कूल्हे और पेट में गोली लगने के बाद उसके सिर में भी गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में 315 बोर के कारतूसों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।जिस स्थान पर अमन की हत्या हुई, वह गली काफी संकरी और आगे से बंद है। गली के अंतिम छोर पर एक मकान का निर्माण चल रहा है और घटनास्थल के आसपास करीब पांच घर हैं। परिवार का आरोप है कि अमन की हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और रेकी के बाद उसकी हत्या की साजिश रची गई।पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की वजह को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर भी जांच कर रही है। मामले में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

