August 10, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बड़ी खबर: रुद्रपुर सड़क हादसे का मुख्य आरोपी वाहन चालक गिरफ्तार, CCTV फुटेज भी आया सामने

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग के बीच पुलिस ने प्रारंभिक जांच में घटना को बताया सड़क हादसा, मारपीट के ठोस प्रमाण नहीं मिले
रुद्रपुर। शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में युवक को घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी वाहन चालक सनी चुघ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे धरना प्रदर्शन और हंगामे के बीच अब घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।शुक्रवार रात हुई मार्ग दुर्घटना और कथित मारपीट की घटना को लेकर नगर निगम परिसर में वाल्मीकि समाज का धरना जारी रहा। इस दौरान बाजपुर सीओ अविनाश शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे और समाज के लोगों को पुलिस की प्रारंभिक जांच से अवगत कराया।सीओ ने बताया कि अब तक की जांच में मामला सड़क दुर्घटना का सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल सहित घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की है। प्रारंभिक जांच में अभिषेक और उसका साथी सड़क हादसे में घायल होने की बात सामने आई है।पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर मारपीट किए जाने के ठोस तथ्य फिलहाल जांच में सामने नहीं आए हैं। सीओ अविनाश शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सामने आए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इधर, आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के बाद भी वाल्मीकि समाज का धरना जारी है। समाज के लोगों की ओर से घटना में कथित मारपीट के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की। सीओ अविनाश शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी पक्ष के दबाव में कार्रवाई नहीं करेगी। प्रारंभिक जांच में मार्ग दुर्घटना के तथ्य सामने आए हैं लेकिन मामले की जांच अभी जारी है। घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों और बयानों की जांच की जा रही है। यदि आगे की जांच में मारपीट अथवा किसी अन्य अपराध के प्रमाण सामने आते हैं तो उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं वाल्मीकि समाज का कहना है कि उनका धरना किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। समाज केवल घायल युवकों को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। धरना स्थल पर पुलिस और समाज के लोगों के बीच जांच को लेकर काफी देर तक चर्चा होती रही। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *