रुद्रपुर में खड़गे ने किया रात्रि विश्राम : बैठक में कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा
चुनावी रणनीति और संगठन को लेकर हुआ मंथन
रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड के एक दिवसीय दौरे के दौरान हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने के बाद रुद्रपुर पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की गतिविधियों और जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा। खड़गे ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी बातों से निराश होने के बजाय सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएं और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करें। रुद्रपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ वरिष्ठ कांग्रेसजनों, PAC पदाधिकारियों एवं विधायकगणों की बैठक हुई। इसमें आगामी चुनाव की रणनीति के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और सांगठनिक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, CWC सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, राष्ट्रीय सचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन, CWC सदस्य एवं बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक और PAC पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनता के मुद्दों को लेकर बनाई जाएगी रणनीति
बैठक में भाजपा सरकार की कार्यशैली, प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति और आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना चाहिए, इस पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति और स्थानीय समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। पार्टी ने आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय करने तथा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

Gen Z और युवाओं के मुद्दे भी बने चर्चा का केंद्र
बैठक में युवा पीढ़ी, विशेषकर Gen Z से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों को पार्टी लगातार जनता के बीच उठा रही है।उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि युवा अपने भविष्य को लेकर जवाब मांग रहे हैं और लोकतंत्र में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं की समस्याओं को समझते हुए जमीन पर उतरकर उनकी आवाज उठाई है और कांग्रेस आगे भी Gen Z से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए हैं।

2027 के लिए जमीन पर उतरने का संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और प्रत्येक वर्ग के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष करती रही है। उनका आरोप है कि भाजपा सत्ता-केंद्रित राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस का लक्ष्य जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करना और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है।रुद्रपुर बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया। नेताओं ने आपसी समन्वय के साथ जमीन पर उतरकर संगठन को मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने का संकल्प लिया।

रविवार को होगी कांग्रेस की समीक्षा बैठक
रुद्रपुर में रात्रि विश्राम के बाद रविवार को प्रदेशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। साथ ही संगठन की वर्तमान स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की जाएगी।
