Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांवड़ खंडित होने पर फ़ूटा गुस्सा : आक्रोशित कांवड़ियों ने वाहन में की तोड़फोड़

रुड़की (उद संवाददाता)। हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में कांवड़ यात्र के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित होने पर मौके पर मौजूद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए और उन्होंने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के समीप हरिद्वार से लौट रहे कांवड़ियों का जत्था गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद कांवड़िए और श्रद्धालु मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशित श्रद्धालुओं ने कार को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची मंगलौर पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली भेज दिया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष कांवड़ यात्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूरे घटना क्रम की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। कांवड़ यात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। यात्र मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है तथा कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *