गदरपुर को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात रोडवेज बस स्टेशन और ब्लॉक कार्यालय जनता को समर्पित
सड़क एवं आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया
गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने नवनिर्मित रोडवेज बस स्टेशन और नवीन खंड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रें के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने डल बाबा मंदिर से गुलरभोज कुल तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क एवं आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। इन विकास कार्यों से गदरपुर क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
