पेपर लीक के खिलाफ संशोधन विधोयक पेश : संसद में एके-47 और पेलेट गन के इस्तेमाल पर विपक्ष का हंगामा
नई दिल्ली।लोकसभा में केंद्रीय राज्य मंत्री कार्मिक डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम संशोधन विधेयक, 2026) पेश किया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से इस महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा करने की अपील करते हुए कहा कि देशभर के छात्रों की चिंताओं को देखते हुए इसे लाया गया है, लेकिन विपक्ष चर्चा के बजाय हंगामा कर रहा है। संसद के मानसून सत्र के दौरान सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रियंका गांधी सहित विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग की।इस बीच, शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहली बार संसद पहुंचे। एनडीए सांसदों ने मकर द्वार पर उनका पगड़ी और शॉल पहनाकर स्वागत किया तथा सम्मान के साथ सदन तक लेकर गए। राज्यसभा में हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि लोकसभा की कार्यवाही जारी रही। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री पर निशानासाधते हुए कहा कि उन्हें सदन में आकर स्पष्ट करना चाहिए कि बिहार में एक-47 और दिल्ली में पेलेट गन के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एके-47 से गोलियां चलाई गईं, जबकि दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने और कथित कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। सरकार ने इन आरोपों पर सदन में विस्तृत जवाब नहीं दिया, लेकिन संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से हंगामा छोड़कर सदन में चर्चा करने की अपील की।
