Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राइस मिलर सतीश खुराना की सड़क हादसे में हुई थी मौत, कार चालक गिरफ्तार

किच्छा। नगर के वरिष्ठ व्यापारी एवं राइस मिलर सतीश खुराना की मौत को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया। शुरुआती दौर में दो फीट चौड़े नाले में शव मिलने के बाद घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन पुलिस की विस्तृत जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में स्पष्ट हुआ कि उनकी मौत किसी साजिश का नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना का परिणाम थी। पुलिस जांच के अनुसार, एक जुलाई की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक कार ने सतीश खुराना को टक्कर मार दी थी। हादसे के समय कार चालक सवारियाँ लेकर जागेश्वर धाम से आ रहा था। दुर्घटना के बाद वह मौके से निकल गया। घटना के बाद शव घर से कुछ दूरी पर नाले में मिलने से लोगों के बीच हत्या सहित कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और जांच को आगे बढ़ाया। इसके बाद पूरी घटना का क्रम सामने आ गया। पुलिस ने मामले में कार चालक मोहम्मद इस्लाम,पुत्र मो. इरशाद निवासी करतारपुर चौधरी ईदगाह के पास जिला बरेली, को गिरफ्रतार कर लिया है। पूछताछ और जांच के आधार पर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि कार चालक जागेश्वर धाम गया था। लौटते समय उसकी कार की टक्कर सतीश खुराना से हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान कर उसे गिरफ्रतार कर लिया गया है। गौरतलब है कि शव नाले में मिलने के कारण घटना ने रहस्यमयी रूप ले लिया था और शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थीं। अब पुलिस जांच ने पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठाते हुए इसे सड़क दुर्घटना का मामला बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *