गौला नदी में बहे किशोर का शव बरामद
भुजियाघाट में शनिवार को पैर फिसलने से तेज बहाव में बहा था 17 वर्षीय आदित्य, राजपुरा क्षेत्र में मिला शव
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। भुजियाघाट के पास शनिवार को गौला नदी में पैर फिसलने से तेज बहाव में बहे 17 वर्षीय किशोर आदित्य टम्टा का शव रविवार को बरामद कर लिया गया। शव राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे मिला। आदित्य रामपुर रोड स्थित टीपी नगर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार शनिवार को आदित्य भुजियाघाट के पास गौला नदी के किनारे मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस और बचाव दल ने तत्काल नदी में किशोर की तलाश शुरू कर दी। शनिवार देर रात तक तलाश के बावजूद किशोर का पता नहीं चल सका। रविवार को पुलिस और बचाव दल ने दोबारा तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे आदित्य का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
