गहरी खाई में गिरी कार, एक व्यक्ति लापता
पुलिस और एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी
टिहरी (उद संवाददाता)। ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास राजस्थान लौट रहे यात्रियों की वैगनआर कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में एक व्यक्ति सवार था, जो वाहन के साथ खाई में गिरने के बाद से लापता है। लापता व्यक्ति की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार आरजे06सीबी 1949 नंबर की वैगनआर कार में चार लोग केदारनाथ से राजस्थान लौट रहे थे। तोता घाटी के पास तीन लोग शौच के लिए कार से नीचे उतर गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन में ही बैठा रहा। इसी दौरान ढलान के कारण अचानक कार नीचे खाई की ओर लुढ़क गई और करीब 300 मीटर गहरी खाई में नदी की तरफ जा गिरी। हादसे के बाद वाहन में बैठे व्यक्ति का कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचीं। टीमों ने देर रात तक खाई और नदी की ओर जाने वाले हिस्सों में तलाश अभियान चलाया, लेकिन भारी बारिश, घने कोहरे और बेहद दुर्गम क्षेत्र के कारण अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह मौसम खराब होने के बावजूद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। टीमें खाई, नदी की ओर जाने वाले रास्तों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रें में वाहन तथा लापता व्यक्ति की तलाश कर रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण राहत और बचाव दल को अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस के अनुसार लापता व्यक्ति की पहचान देवी लाल उम्र 46 वर्ष निवासी सुभाष नगर थाना क्षेत्र, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है। बताया गया है कि देवी लाल ही कार के मालिक थे और हादसे के समय वाहन में मौजूद थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
गदेरे में गिरी कार, तीन घायल
श्रीनगर। ढूंढप्रयाग पुल के निकट देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को 108 सेवा के माध्यम से बेस अस्पताल श्रीकोट श्रीनगर भेजा। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कोतवाली निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि पांच सितंबर की रात करीब 12-50 बजे वाहन दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक मोहन प्रसाद रतूड़ी बाजार गश्त कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार गरुड़ बागेश्वर से हरिद्वार की ओर जा रही थी। इसी दौरान ढूंढप्रयाग पुल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरी। हादसे में कार सवार स्वरूपानंद निरंजन गिरी निवासी हरिद्वार और भास्कर पाठक निवासी पिथौरागढ़ समेत तीन लोग घायल हुए। स्वरूपानंद के घुटने और सिर में चोट आई है, जबकि अन्य दोनों को हल्की चोटें लगी हैं। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट श्रीनगर भेजा। पुलिस के अनुसार घायलों की हालत सामान्य है और मामले की आवश्यक जांच की जा रही है।
