Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर में 8 जुलाई से शुरू होगा इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन

रुद्रपुर । उत्तराखंड के प्रमुख औद्योगिक आयोजनों में शामिल इंडसटेक रुद्रपुर इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन 2026 का 35वां संस्करण 8 से 10 जुलाई तक आर्क होटल में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और देश के विभिन्न राज्यों से उद्योग प्रतिनिधियों एवं कंपनियों का रुद्रपुर पहुंचना शुरू हो गया है। आयोजकों का दावा है कि यह प्रदर्शनी उद्योग जगत के लिए नवीनतम तकनीकों, आधुनिक मशीनरी और व्यावसायिक अवसरों का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी। आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में 150 से अधिक औद्योगिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की अग्रणी कंपनियां अपनी नवीनतम मशीनरी, उपकरण और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। प्रदर्शनी में 1200 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों तथा पांच हजार से अधिक उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र से जुड़े आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शनी में मशीन टूल्स, सीएनसी मशीनें, वेल्डिंग एवं कटिंग उपकरण, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन सिस्टम, न्यूमेटिक और हाइड्रोलिक तकनीक, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण, इलेक्ट्रिकल एवं सोलर उत्पाद, इंडस्ट्रियल लाइटिंग, मटेरियल हैंडलिंग उपकरण, जनरेटर, कंप्रेसर, पावर टूल्स सहित औद्योगिक क्षेत्र में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। अत्याधुनिक रोबोटिक एवं कंप्यूटर नियंत्रित मशीनें इस बार प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहेंगी, जो उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रदर्शनी के दौरान उद्योगों के परचेज विभागों, फैक्ट्री प्रबंधन और तकनीकी विशेषज्ञों के लिए विशेष तकनीकी एवं बिजनेस सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें इंडस्ट्री 4.0, ऑटोमेशन, लागत नियंत्रण, आधुनिक खरीद प्रणाली तथा उत्पादन क्षमता बढ़ाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे और उद्योगों को नई तकनीकों से अवगत कराएंगे। आयोजकों का कहना है कि रुद्रपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की इकाइयों के लिए यह आयोजन विशेष रूप से लाभकारी रहेगा। एक ही स्थान पर देश की अग्रणी कंपनियों की मशीनरी और तकनीकी समाधान उपलब्ध होने से उद्योगों को नई तकनीकों की जानकारी मिलेगी। साथ ही विभिन्न उत्पादों की तुलना करने और निर्माताओं व तकनीकी विशेषज्ञों से सीधे संवाद स्थापित कर नए व्यावसायिक संबंध विकसित करने का अवसर भी मिलेगा। इस प्रदर्शनी का आयोजन द्रोणाचार्य इवेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो पिछले तीन दशकों से देशभर में औद्योगिक प्रदर्शनियों का सफल आयोजन करता आ रहा है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोड़ा होंगे। आयोजन में कुमाऊं गढ़वाल चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, सिडकुल एंटरप्रेन्योर वेल्फेयर सोसायटी, उत्तराखंड राइस मिलर्स एसोसिएशन तथा इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहयोगी संस्थाओं के रूप में भागीदारी निभा रही हैं। आयोजकों ने प्रदेश के उद्योगपतियों, उद्यमियों, व्यापारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और औद्योगिक संस्थानों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में सहभागिता करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *