ऊधम सिंह नगर में 4 से 10 जुलाई लगेंगे जनसेवा शिविर
रुद्रपुर। राज्य सरकार की ओर से सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के तहत 4 जुलाई से 10 जुलाई तक जनपद ऊधम सिंह नगर में सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिलेभर में विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ बहुद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि सेवा सप्ताह का उद्देश्य राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास विषयक जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 5 जुलाई को मनोज सरकार स्टेडियम रुद्रपुर में मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि विकासखंड कार्यालय जसपुर में राज्य सरकार की नई पहलों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होगा। 6 जुलाई को विकासखंड मुख्यालय गदरपुर में आधारभूत संरचना विकास, रेल, सड़क, उड़ान सेवाओं और अन्य बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 7 जुलाई को नगर निगम काशीपुर में उद्योग तथा लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों से संबंधित कार्यक्रम और महाराज अग्रसेन ट्रस्ट सितारगंज में कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विषयक कार्यक्रम होंगे। 8 जुलाई को श्री रामजन्म धर्मशाला बाजपुर में महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 10 जुलाई को विकासखंड मुख्यालय खटीमा में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र से संबंधित योजनाओं के तहत विशेष शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण, उपकरण वितरण तथा महिलाओं, बालिकाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत सभी कार्यक्रम एवं शिविर संबंधित स्थलों पर प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शुरू होंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, शिकायतों का पंजीकरण एवं त्वरित निस्तारण, स्वास्थ्य परीक्षण, बैंकिंग सेवाओं से संबंधित सहायता, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी तथा अन्य विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके अलावा राजस्व विभाग की ओर से लंबित वादों के निस्तारण के लिए समाधान समारोह एवं विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा।
