August 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पदक विजेताओं को खेल विभाग में मिले नियुक्तिःधामी

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकांश खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप प्रदेश की नई खेल नीति तैयार करने तथा उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय गोलापार हल्द्वानी में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के भी निर्देश दिए। गुरुवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि गोलापार स्थित खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के साथ कोच, कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाई जाए। उन्होंने एक ब्लॉक एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत निर्माण कार्यों में भी गति लाने को कहा। मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए विकसित खेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, गोलापार स्टेडियम हल्द्वानी, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील तथा हरिद्वार और पिथौरागढ़ के स्टेडियमों में विकसित सुविधाओं का खिलाड़ियों के हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगामी 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 को देखते हुए विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू करने, खेल संघों के सहयोग से खिलाड़ियों के चयन और प्रतिभा पहचान की प्रक्रिया को तेज करने तथा राज्य के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देवभूमि को खेलभूमि के रूप में स्थापित करना है। मुख्यमंत्री ने एक जिला एक स्पोर्ट्स योजना के तहत प्रत्येक जिले में चिन्हित खेलों के लिए कोचिंग, प्रतिभा पहचान और प्रतिस्पर्धी माहौल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित जिले के निर्धारित खेल की खेल नर्सरी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से खिलाड़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करने और गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। एक ब्लॉक एक मिनी स्टेडियम योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 का निर्माण कार्य जारी है और अन्य प्रस्तावित स्टेडियमों के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। बैठक में यह भी बताया गया कि लोहाघाट में देश के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके संचालन के लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं और प्रवेश प्रक्रिया भी जारी है। वहीं उत्तराखंड के पहले और देश के दसवें राज्य खेल विश्वविद्यालय गोलापार हल्द्वानी में सभागार, केंद्रीय पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, कैफेटेरिया, अनुसंधान केंद्र, शूटिंग रेंज, सेमिनार हॉल, बैडमिंटन हॉल, फुटबॉल मैदान, हॉकी मैदान और आठ लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित 39 अवसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उप निदेशक नीरज गुप्ता, सहायक निदेशक राजेश ममंगाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *