Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पेट्रोल पंप पर लोगों ने काटा हंगामा, मिलावटी तेल से इंजन हुए फेल

रुद्रपुर। रुद्रपुर गदरपुर हाईवे स्थित सामिया लेक सिटी के समीप एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद 15 से 20 बाइक और स्कूटी अचानक बंद हो गईं। वाहन चालकों ने पेट्रोल में पानी और मिलावट होने का आरोप लगाते हुए पंप पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पेट्रोल में कथित ईथेनॉल मिलाकर तेल बेचा जा रहा है जिससे उनकी गाड़ी के इंजन फेल हो गये हैं। काफी देर तक चले हंगामे के दौरान लोगों ने अपनी गाड़ियों की टंकियों से पेट्रोल निकालकर बोतलों में भरकर मौके पर मौजूद लोगों और पंप कर्मचारियों को दिखाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल की बोतलों में नीचे पानी जैसा पारदर्शी तरल जमा दिखाई दे रहा था, जबकि ऊपर हल्की मात्रा में पेट्रोल तैरता नजर आ रहा था। कुछ बोतलों में निकला तरल पूरी तरह मटमैला और गुलाबी रंग का पानी जैसा दिखाई दे रहा था। इसे देखकर मौके पर मौजूद वाहन चालकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मिलावटी पेट्रोल बेचने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।बताया गया कि पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन कुछ ही दूरी चलने के बाद बंद होने लगे। पहले एक-दो वाहन चालकों ने शिकायत की, लेकिन देखते ही देखते 15 से 20 बाइक और स्कूटी सवार अपनी गाड़ियां लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गए। कई लोगों ने वहीं अपनी गाड़ियों की टंकी खोलकर पेट्रोल बोतलों में निकाला और उसमें पानी जैसी परत दिखाते हुए कहा कि इसी कारण उनके वाहन बंद हो गए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना था कि पहले से ही पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और यदि उसमें भी मिलावट होगी तो आम उपभोक्ताओं को दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों में आए नुकसान की भरपाई की मांग भी उठाई।हंगामा बढ़ता देख पेट्रोल पंप प्रबंधन ने पेट्रोल की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी। पंप प्रबंधन का कहना था कि मंगलवार को ही करीब पांच हजार लीटर पेट्रोल प्राप्त हुआ था, जिसे निर्धारित मानकों के अनुसार जांच के बाद ही टैंक में डाला गया। फिर भी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जा रही है और जांच पूरी होने तक पेट्रोल की निकासी रोक दी गई है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासन भी सक्रिय हो गया। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पेट्रोल में वास्तव में पानी या अन्य किसी प्रकार की मिलावट थी अथवा नहीं। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र के वाहन चालकों में भारी आक्रोश है और वे निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पेट्रोल में पानी और मिलावट को लेकर एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने कहा कि पेट्रोल पंप पर हंगामे की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *