Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पिथौरागढ़ में कांग्रेस का ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ : गणेश गोदियाल ने कहा, परिवर्तन की यह मुहिम पूरे प्रदेश में और तेज़ होगी

सरकार पर साधा निशाना, संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
पिथौरागढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ में प्रतिभाग किया। सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान गणेश गोदियाल ने पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर, धारचूला विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष आनंद रावत सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों, जनहित के मुद्दों और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की।सम्मेलन के दौरान गोदियाल ने पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके राष्ट्र सेवा, समर्पण और बलिदान को नमन किया। गणेश गोदियाल ने कहा, परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का उद्देश्य उत्तराखंड की जनता की आवाज़ को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाना है। प्रदेश में जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और विकास से जुड़े कई गंभीर मुद्दों का सामना कर रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी। उन्होंने कहा, पिथौरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का जो स्नेह और विश्वास मिला है, वह हमें नई ऊर्जा देता है। जनसेवा और उत्तराखंड के समग्र विकास के संकल्प के साथ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार काम करेगा। आने वाले समय में परिवर्तन की यह मुहिम पूरे प्रदेश में और तेज़ होगी। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को तेज़ करने का भी संकल्प लिया।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *