Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर स्थित बागवाला में तैयार हुई 1872 फ्रलैटों की ईडब्ल्यूएस आवासीय परियोजना

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत उधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ग्राम बागवाला में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए विकसित की जा रही प्रदेश की सबसे बड़ी आवासीय परियोजनाओं में से एक अंतिम चरण में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार की गई इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 1872 ईडब्ल्यूएस फ्रलैटों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण उधम सिंह नगर द्वारा संचालित इस योजना के पूरा होने के बाद हजारों गरीब परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार होगा। सरकार शीघ्र ही परियोजना का लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार की सतत निगरानी में तैयार की गई इस परियोजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को सुरक्षित, आधुनिक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है, जिनके पास अब तक अपना पक्का मकान नहीं है। राज्य सरकार और भारत सरकार के संयुक्त प्रयासों से तैयार हुई यह परियोजना उत्तराखंड में समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। परियोजना के अंतर्गत कुल 1872 फ्रलैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से 832 फ्रलैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 फ्रलैटों में अंतिम चरण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को आवासों का आवंटन कर चाबियां सौंप दी जाएंगी। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि करीब छह लाख रुपये लागत वाले प्रत्येक आधुनिक फ्रलैट के लिए पात्र लाभार्थी को केवल तीन लाख रुपये का भुगतान करना होगा। शेष तीन लाख रुपये में से डेढ़ लाख रुपये भारत सरकार तथा डेढ़ लाख रुपये उत्तराखंड सरकार की ओर से अनुदान के रूप में दिए जाएंगे। इसके चलते सीमित आय वाले परिवार भी अपने घर का सपना आसानी से पूरा कर सकेंगे। करीब 6.0281 हेक्टेयर भूमि पर विकसित इस परियोजना का कुल निर्माण क्षेत्रफल लगभग 39,220 वर्गमीटर है। परिसर में कुल 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक फ्रलैट में एक शयनकक्ष, बैठक कक्ष, रसोई, स्नानघर, शौचालय तथा बरामदे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लगभग 28 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले इन आवासों को छोटे परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। सभी भवन भूकंपरोधी तकनीक से निर्मित हैं तथा परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छ वातावरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। परियोजना को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। परिसर में वर्षा जल संचयन प्रणाली, आधुनिक सीवरेज नेटवर्क तथा अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। इसके अलावा बच्चों के लिए खेल मैदान, हरे भरे पार्क, सौंदर्यीकरण तथा उद्यान विकास के कार्य भी पूरे किए जा चुके हैं, जिससे यह परिसर आधुनिक और टिकाऊ आवासीय कॉलोनी के रूप में विकसित हुआ है। बागवाला स्थित यह आवासीय परिसर शहर के प्रमुख क्षेत्रों से बेहतर संपर्क सुविधा से भी जुड़ा हुआ है। मुख्य बाजार से इसकी दूरी लगभग तीन किलोमीटर, बस स्टेशन छह किलोमीटर तथा रेलवे स्टेशन आठ किलोमीटर है। बेहतर सड़क संपर्क के कारण यहां रहने वाले परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी। आवासों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाएगी। पात्र लाभार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना के एमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण होना आवश्यक है। साथ ही आवेदक 17 जून 2015 से पूर्व का उत्तराखंड का निवासी होना चाहिए तथा उसकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया केवल पांच हजार रुपये जमा कर शुरू की जा सकेगी, जबकि शेष राशि के भुगतान के लिए बैंक )ण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना में सुरक्षा और गुणवत्ता के सभी मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर की आरसीसी बाउंड्री वॉल और मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण पूरा हो चुका है। सभी भवनों में विद्युत कार्य पूर्ण होने के साथ यूपीसीएल द्वारा विद्युत सुरक्षा परीक्षण भी कराया जा चुका है। फायर फाइटिंग सिस्टम का सफल परीक्षण अग्निशमन विभाग द्वारा किया गया है। इसके अलावा जलापूर्ति के लिए भूमिगत एवं ओवरहेड जलाशय तैयार हैं तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी परीक्षण चरण में पहुंच चुका है। सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रुद्रपुर के बागवाला में विकसित यह परियोजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *