Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खूनी संघर्ष, कई लोग घायल

कर्णप्रयाग (उद संवाददाता)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक होटल संचालक को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है। जानकारी के अनुसार हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं का कर्णप्रयाग बाजार में किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान धारदार हथियार भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बन गया। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एक होटल संचालक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पंचपुलिया क्षेत्र में भी मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। तनावपूर्ण माहौल के बीच एहतियातन गौचर में यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके। करीब एक घंटे तक राजमार्ग जाम रहने के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच थाने में वार्ता हुई। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात फिर से सुचारु हो सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *