Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भारत-नेपाल के अधिकारियों ने सीमा मुद्दों पर किया मंथन

खटीमा/बनबसा (उद संवाददाता)। भारत और नेपाल के बीच सीमा क्षेत्र में बेहतर समन्वय तथा सीमा संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर नेपाल में दोनों देशों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण मैत्री बैठक आयोजित हुई। सम्मेलन में सीमावर्ती जिलों के प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लेकर सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। नेपाल स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में भारत नेपाल सीमा पर नो मैन्स लैंड में हुए अतिक्रमण, क्षतिग्रस्त सीमा पिलरों के पुनर्स्थापन तथा सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में सीमा सुरक्षा बल, सर्वे विभाग की टीमों सहित दोनों देशों के प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने संयुक्त सर्वेक्षण कर क्षतिग्रस्त सीमा पिलरों की पहचान करने तथा नो मैन्स लैंड से अतिक्रमण हटाने के लिए समन्वित कार्रवाई करने पर सहमति व्यक्त की। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच सीमा संबंधी मुद्दों पर नियमित संवाद और समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त सीमा पिलरों के पुनर्स्थापन और अतिक्रमण हटाने का कार्य शीघ्र शुरू करेंगी। नेपाल की ओर से मौजूद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी सीमा प्रबंधन के मुद्दों पर पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच बेहतर समन्वय से सीमा क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा सीमावर्ती क्षेत्रें में रहने वाले नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *