बंद कट खुलवाने को कलेक्ट्रेट में गरजे कांग्रेसी
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। कांग्रेस पार्टी के पार्षदों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रभारी कलेक्ट्रेट ऋचा सिंह के माध्यम से जिलाधिकारी को एक ज्ञापन प्रेषित कर विशाल मेगा मार्ट के सामने परशुराम चौक पर नैनीताल हाईवे स्थित बंद कट को पुनः खुलवाए जाने की मांग की। कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि उक्त कट बंद होने के कारण क्षेत्र की हजारों की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि विशाल मेगा मार्ट के सामने परशुराम चौक पर स्थित कट के पूर्वी दिशा में रविन्द्र नगर, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, पुलिस लाइन सहित अनेक आवासीय कॉलोनियां स्थित हैं, जहां हजारों परिवार निवास करते हैं। कट बंद होने के कारण क्षेत्रवासियों को सिविल लाइन एवं शहर की ओर आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है तथा कई लोगों को जोिखम उठाकर हाईवे पार करना पड़ता है। जुनेजा ने कहा कि प्रतिदिन लगभग दस हजार लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कट बंद होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।इस स्थान पर पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा तीन दिन पूर्व एक महिला की दर्दनाक मृत्यु ने क्षेत्रवासियों की चिंता और बढ़ा दी है। कांग्रेसजनों ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत गंभीर एवं जनहित के विपरीत है। ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उक्त कट पूर्व में खुला हुआ था, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा रहती थी। कट बंद होने के बाद जनता की समस्याएं बढ़ गई हैं तथा दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि जनहित एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशाल मेगा मार्ट के सामने नैनीताल हाईवे स्थित कट को शीघ्र पुनः खोले जाने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस अवसर पर इंद्रजीत सिंह, गौरव खुराना, राजेन्द्र मिश्रा, मोहन खेड़ा, मोहन कुमार, गौरव गिरी, सेवाराम दिवाकर, गौरव गांधी, सौरभ शर्मा, बाबू खान, राकेश कोली, विजय पुजारा, अर्जुन विश्वास, मोनिका ढाली, सरोज शर्मा, रोहित चौहान, विकास मल्लिक, विक्की विर्क, कमल चुघ, आनंद विश्नोई आदि मौजूद थे।
