मसूरी के झड़ीपानी रोड पर कार खाई में गिरने से चार पर्यटकों की मौत
ब्रेक फेल होने की आशंका
मसूरी (उद संवाददाता)। मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई। एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्गम क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह 9ः16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी को सूचना प्राप्त हुई कि बार्लाेगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत झड़ीपानी रोड पर एक कार तीव्र ढलान पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस को भी घटनास्थल पर भेजा गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवार लोग सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर रुके थे और वहां से कुछ सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया था। सामान खरीदने के बाद जैसे ही वे वाहन में सवार हुए, तीव्र ढलान पर खड़ी कार अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगी। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कार सड़क किनारे स्थित खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिल्ली नंबर की सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार थी। खाई अत्यंत दुर्गम होने तथा घनी झाड़ियों और खड़ी ढलान के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ के जवानों ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर अभियान चलाया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, हरियाणा, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। हादसे में चारों लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू अभियान के दौरान सबसे पहले एक महिला का शव खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद अन्य शवों को भी निकालने की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटना होना प्रतीत हो रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रधिकारी मसूरी और पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है।
