चल्थी के पास हुआ हादसा : मुन्स्यारी घूमकर हरियाणा लौट रहे पर्यटकों की कार खाई में गिरी, पांच घायल
तीन की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर
चंपावत (उद संवाददाता)। मुन्स्यारी भ्रमण कर हरियाणा लौट रहे पांच युवकों की कार बुधवार तड़के टनकपुर पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल्थी के समीप अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इनमें से तीन युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी विवेक, अमनदीप, मोहित, आदित्य और अतुल पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुन्स्यारी घूमने आए थे। मुन्स्यारी भ्रमण के बाद सभी दोस्त अपनी कार से टनकपुर के रास्ते हरियाणा लौट रहे थे। बुधवार तड़के करीब 3ः21 बजे जब उनकी कार चल्थी और कठौल के बीच पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार चला रहे आदित्य को अचानक नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना चल्थी चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राकेश कठायत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने रात के अंधेरे में ही दुर्गम खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से उन्हें उपजिला चिकित्सालय टनकपुर भेजा गया। घायलों की पहचान विवेक (32) निवासी ग्राम जाहरी, अमनदीप (30) निवासी ग्राम जाहरी, मोहित (33) निवासी किलोधड़, आदित्य (32) निवासी ग्राम शहजादपुर तथा अतुल (32) निवासी शहजादपुर, जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। उपजिला चिकित्सालय टनकपुर के चिकित्सकों के अनुसार हादसे में अधिकांश घायलों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में मोहित, अमनदीप और अतुल की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जबकि विवेक और वाहन चालक आदित्य का उपचार टनकपुर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
