दुष्यंत कुमार गौतम की कार्यक्रमों में मौजूदगी पर कांग्रेस का सवाल, उत्तराखंड की अस्मिता से खिलवाड़ का आरोप
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे के बीच कांग्रेस ने एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत कुमार गौतम की पार्टी कार्यक्रमों में मौजूदगी पर सवाल खड़े किए हैं।गोदियाल ने जारी बयान में कहा कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को राष्ट्रीय नेतृत्व के कार्यक्रमों में प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है, जबकि उनसे जुड़े आरोपों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें गौतम पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के संबंध में उठे सवालों की जांच सरकार द्वारा सीबीआई को सौंपी गई थी। ऐसे में जांच पूरी होने और स्पष्ट स्थिति सामने आने से पहले भाजपा द्वारा दुष्यंत कुमार गौतम को मंच पर सम्मानित करना उचित नहीं माना जा सकता। गोदियाल ने आरोप लगाया कि यह मामला उत्तराखंड की अस्मिता और मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित आरोपों पर स्पष्ट निष्कर्ष या क्लीन चिट सामने नहीं आती, तब तक दुष्यंत कुमार गौतम को सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य की जनता और महिलाओं की भावनाओं की अनदेखी की है तथा प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
