बीएल संतोष ने पूछा-पांडे जी चाहते क्या हो? जवाब मिला-सीबीआई जांच
विधायकों को अपनी बात रखने का अवसर मिला
देहरादून। प्रदेश की राजनीति में अक्सर विवादों में रहने वाले गदरपुर विधायक अरविंद पांडे एक बार फिर भाजपा की संगठनात्मक बैठक में चर्चा में आ गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बी-एल- संतोष की मौजूदगी में आयोजित बैठक के दौरान जब विधायकों को अपनी बात रखने का अवसर मिला तो अरविंद पांडे ने अपने ऊपर लग रहे भूमाफिया के आरोपों का मुद्दा राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उठाया। पांडे ने कहा कि उन पर भूमाफिया जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे न केवल उनकी व्यक्तिगत छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि पार्टी की छवि पर भी असर पड़ रहा है। वह अपनी बात विस्तार से रख ही रहे थे कि राष्ट्रीय महासचिव बी-एल- संतोष ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए सीधा सवाल कर दिया- ‘पांडे जी चाहते क्या हो? इस पर अरविंद पांडे ने बिना किसी लाग-लपेट के जवाब दिया ‘सीबीआई जांच’। जवाब सुनने के बाद बी-एल- संतोष ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए ‘ठीक है’ कहा और उन्हें बैठने का इशारा कर दिया। इसके बाद बैठक का एजेंडा आगे बढ़ गया।माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बी-एल- संतोष को पूरे प्रकरण की पहले से जानकारी थी। इसी कारण इस मुद्दे पर अधिक चर्चा नहीं की गई और नेतृत्व ने संक्षिप्त रूप से अपनी प्रतिक्रिया देकर विषय को आगे नहीं बढ़ाया।
