खटीमा में चोरों का आतंक,15 लाख की नकदी समेत लाखों की चोरी
कई प्रतिष्ठान को बनाया निशाना, वन विभाग कॉलोनी स्थित एसडीओ कार्यालय में भी चोरी
खटीमा(उद संवाददाता)। नगर के मुख्य बाजार स्थित मेलाघाट रोड पर मंगलवार देर रात चोरों ने कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गौरी कम्युनिकेशन, संजय इलेक्ट्रॉनिक तथा किशन लाल बत्र एंड संस सहित अन्य दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। इसी रात वन विभाग कॉलोनी स्थित एसडीओ कार्यालय में भी चोरी की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मेलाघाट रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई थी। साथ ही क्षेत्र की पॉश कॉलोनियों में लगे निजी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। गौरी कम्युनिकेशन के स्वामी गौरीशंकर अग्रवाल ने बताया कि चोर उनकी दुकान में रखी तिजोरी से करीब 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य सामान की चोरी से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अन्य दुकानदार भी अपने-अपने नुकसान का हिसाब लगा रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि मेलाघाट रोड पर इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
