Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखंड भारत का सबसे पवित्र स्थानः उमा भारती

रामनगर पहुंचीं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
रामनगर। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और प्रखर हिंदुत्ववादी नेता उमा भारती ने उत्तराखंड के प्रति अपने गहरे लगाव को व्यक्त करते हुए इसे भारत का सबसे पवित्र स्थान बताया है। रामनगर पहुंचने पर उन्होंने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी और प्रदेश की आध्यात्मिक महत्ता पर जोर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड उनके दिल में बसता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि पिछले जन्म में उन्होंने और अधिक पुण्य किए होते, तो उनका जन्म इसी देवभूमि पर होता। हिमालय और यहां के तीर्थ स्थलों की महत्ता का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे देश की सुरक्षा और आध्यात्म का केंद्र बताया। अपने संबोधन में उमा भारती ने देश की सुरक्षा और जनसंख्या असंतुलन जैसे गंभीर विषयों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में पहले सुरक्षात्मक चुनौतियां और जन सांख्यिकीय समस्याएं थीं, वहां भाजपा सरकार बनने के बाद सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार हर आंतरिक और बाहरी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है। उमा भारती ने कहा, ष्उत्तराखंड की रक्षा स्वयं भगवान बद्रीनाथ करते हैं, लेकिन इसके बावजूद हमें अपनी सीमाओं और सांस्कृतिक पहचान के प्रति सजग रहना आवश्यक है। उन्होंने एक विशेष संयोग का जिक्र करते हुए बताया कि उन्हें तीन राज्यों में भाजपा की पूर्ण बहुमत से जीत की सूचना भी उत्तराखंड की इसी पवित्र धरती पर मिली, जो उनके लिए बेहद सुखद रहा। इससे पूर्व, रामनगर पहुंचने पर पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उमा भारती पर पुष्प वर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *