Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उद्यमी अनूप अग्रवाल पर साढ़े बारह करोड़ की ठगी का केस दर्ज

काशीपुर। उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक की शाखा से लिए गए साढ़े बारह करोड़ रुपये के ऋण में कथित गड़बड़ी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक के शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने उद्यमी अनूप अग्रवाल, उनकी पत्नी रेनु अग्रवाल और पुत्र अमोल अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।डिजाइन सेंटर, मुरादाबाद रोड स्थित उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लि- के शाखा प्रबंधक मनोज सिंह बिष्ट ने कोतवाली काशीपुर में दी तहरीर में बताया कि मै- आरके अग्रवाल इंडस्ट्रीज लि- के डायरेक्टर अनूप कुमार अग्रवाल पुत्र केशव शरण अग्रवाल, निवासी आरके पुरम मानपुर रोड व हॉल रोज डेल कॉलोनी अलीगंज रोड, ने 11 जनवरी 2016 को बैंक से 12 करोड़ 50 लाख रुपये का ऋण लिया था। समय के साथ यह ऋण खाता एनपीए घोषित हो गया और वर्तमान में बैंक का कुल बकाया बढ़कर 13 करोड़ 92 लाख 87 हजार 981 रुपये हो गया है, जिसमें ब्याज भी शामिल है।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बैंक द्वारा बकाया वसूली के लिए सरफेसी अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए गए, लेकिन सभी नोटिस वापस लौट आए। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां यूनिट बंद मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि कंपनी के संचालक फरार हैं और प्रतिष्ठान में कोई स्टॉक भी मौजूद नहीं है।बैंक प्रबंधन का आरोप है कि ऋण के एवज में जो स्टॉक बैंक के पास बंधक दिखाया गया था, वह भी मौके पर नहीं मिला। स्टॉक ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार 25 दिसंबर 2024 तक प्रतिष्ठान में कोई स्टॉक मौजूद नहीं था। आरोप है कि बकायेदारों ने बंधक स्टॉक को खुर्द-बुर्द कर दिया और बैंक में कोई धनराशि जमा नहीं की, बल्कि पूरी रकम का व्यक्तिगत उपयोग कर लिया।पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *