Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

संदिग्ध परिस्थितियों में हल्द्वानी की युवती ने गटका जहर,गंभीर

रामनगर । शनिवार की सुबह नेशनल हाईवे 309 रामनगर काशीपुर मार्ग स्थित भवानीगंज इलाके में हल्द्वानी निवासी एक युवती ने अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवती के बेहोश होकर गिरने से मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सभासद प्रतिनिधि जफर ने एक अन्य महिला की मदद से तत्काल 108 एम्बुलेंस बुलाकर युवती को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही, लेकिन सभासद प्रतिनिधि ने साहस दिखाते हुए युवती की जान बचाने के लिए उसे अस्पताल पहुंचाया।घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद एवं महिला उप निरीक्षक राजकुमारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पूछताछ में पता चला कि निशा अग्निहोत्री नाम की यह युवती हाइडिल गेट हल्द्वानी की रहने वाली है। सूत्रें के अनुसार युवती ने भवानीगंज स्थित सेवन इलेवन शोरूम के बाहर यह आत्मघाती कदम उठाया। चर्चा है कि इसी शोरूम में आवास विकास काशीपुर निवासी अविनाश नाम का एक युवक काम करता है, जिसके साथ निशा का प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि निशा शनिवार को अविनाश से मिलने रामनगर आई थी, लेकिन वह शोरूम पर मौजूद नहीं था।यह भी सामने आया है कि घटना से पूर्व निशा और अविनाश के बीच फोन पर काफी बहस हुई थी, जिससे आहत होकर युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। चिकित्सकों ने युवती की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर लिया है और युवक अविनाश की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

पत्नी मायके से नहीं लौटी तो युवक ने लगा ली फांसी

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में करीब दो माह से पत्नी के मायके से वापस न लौटने से क्षुब्ध युवक ने शुक्रवार की सायं घर में फांसी लगा ली। परिजनों से सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को फांसी से उतारकर जिला चिकित्सालय भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मौहल्ला रविन्द्र नगर निवासी 30 वर्षीय समीर विश्वास पुत्र तपन सब्जी मंडी में परिजनों के साथ चाय समोसे बेचने का कारोबार करता था। वर्तमान में सिलेंडर न मिलने के कारण कारोबार प्रभावित होने से वह घर पर ज्यादा रहता था। उसका विवाह करीब 4 वर्ष पूर्व हस्तिनापुर उप्र निवासी सावित्री से हुआ था। वर्तमान में उसका लगभग 3 वर्षीय पुत्र दिवांश है। बताया जाता है कि समीर और उसकी पत्नी सावित्री के मध्य किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते सावित्री होली पर्व पर अपने पुत्र दिवांश को साथ लेकर मायके हस्तिनापुर चली गई थी और तब से वह वापस नहीं आ रही थी। समीर ने उसे बुलाने की काफी कोशिश भी की परंतु सावित्री ने उसकी एक न सुनी। बताया जाता है कि शुक्रवार को समीर दोपहर कमरे में था। जब वह रोज की तरह खाना खाने के लिए परिजनों के पास नहीं आया तो परिजन शाम को उसे देखने के लिए उसके घर में पहुंचे जहां कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। आवाज लगाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने खिड़की से भीतर झांका तो उन्हें समीर पंखे से फांसी पर लटका दिखाई दिया। शोर की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग भी आ गये। मामले की सूचना मिलने पर आवास विकास च।ैकी पुिलसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और समीर को फांसी से उतार कर जिला चिकित्सालय भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर समीर का मोबाईल अपने कब्जे में लिया। बाद में चिकित्सालय से समीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मृतक समीर की पत्नी सावित्री को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *