बाबा केदार के दर पर पहुंचे गौतम अडानी
पत्नी के साथ की विशेष पूजा,दुनिया के सबसे ऊंचे रोपवे का लिया जायजा
रुद्रप्रयाग(उद संवाददाता)। हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था का जन सैलाब उमड़ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार एक मई को देश के प्रख्यात उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने अपनी पत्नी प्रीति अदाणी के साथ बाबा केदार के दर्शन किए। उद्योगपति दंपति ने मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और देश की सुख, शांति व समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की। दर्शन के उपरांत गौतम अदाणी ने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक बनने वाले महत्वाकांक्षी रोपवे प्रोजेक्ट का हवाई सर्वे (एरियल सर्वे) कर धरातलीय स्थितियों का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम तक लगभग 12-9 किलोमीटर लंबे इस रोपवे के निर्माण की जिम्मेदारी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड को सौंपी गई है। लगभग 11,500 फीट की ऊंचाई पर बनने वाला यह रोपवे दुनिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में से एक होगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद केदारनाथ की नौ घंटे की कठिन पैदल यात्र मात्र 36 मिनट में पूरी की जा सकेगी, जिससे बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती ने बताया कि अदाणी समूह इस प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर है और आज का हवाई सर्वे इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केदारनाथ यात्र इन दिनों अपने चरम पर है और 30 अप्रैल तक लगभग ढाई लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। गौतम अदाणी के आगमन के दौरान मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। वीआईपी मूवमेंट के बावजूद प्रशासन ने आम श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच उद्योगपति दंपति ने भगवान के दर्शन किए। यात्र मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की टीमें भी मुस्तैद दिखीं। अदाणी के इस दौरे और रोपवे के हवाई सर्वे के बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्य में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
