बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब
हरिद्वार (उद संवाददाता)। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्म
नगरी हरिद्वार में श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शुक्रवार सुबह से ही हर की पौड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के कोने कोने और विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने मोक्षदायिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर विश्व शांति व सुख समृद्धि की कामना की।गंगा घाटों पर ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र हर हर गंगे के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भक्तों के उत्साह और उमंग ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने दान पुण्य कर पुण्य लाभ अर्जित किया। बुद्ध पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहे। एसएसपी के निर्देश अनुसार पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। प्रशासन की सक्रियता के चलते स्नान पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो रहा है और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
