Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत,तीन घायल

रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर के कानिया चौराहे पर मंगलवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकों के बीच हुई इस आमने सामने की जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। मिली जानकारी के अनुसार सांवल्दें निवासी तीन युवक अमित उर्फ दिगंबर पुत्र गोविंद सिंह, भास्कर पुत्र अमीर सिंह और उमेश पुत्र वीरेंद्र सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से पाटकोट निवासी पंकज पुत्र नंदलाल अपनी बुलेट बाइक से रामनगर की तरफ जा रहा था। कानिया चौराहे के समीप पहुँचते ही दोनों बाइकों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय निवासियों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने 19 वर्षीय अमित उर्फ दिगंबर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए भास्कर, उमेश और पंकज की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई और कोहराम मच गया। पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से कानिया चौराहे पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *