Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दल बदलने वाले ‘कांग्रेस का अपना ही माल’ छह नेताओं के कांग्रेस प्रवेश पर मुख्यमंत्री धामी का तीखा पलटवार

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। उत्तराखंड की राजनीति में दलबदल का खेल नया मोड़ ले चुका है, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित कुमाऊं और गढ़वाल के छह वरिष्ठ नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद इस सियासी हलचल ने जहां कांग्रेस खेमे में भारी उत्साह भर दिया है, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीखे और बेबाक पलटवार से राजनीतिक चर्चाओं का रुख पूरी तरह मोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा मुख्यमंत्री का वीडियो न केवल दलबदल की राजनीति पर भाजपा के दृष्टिकोण को स्पष्ट करता है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि मुख्यमंत्री धामी की छवि एक सख्त प्रशासक और पार्टी अनुशासन के प्रति समर्पित नेता के रूप में उभर कर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि जिन छह नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की है, वे वर्तमान में भाजपा के सदस्य थे ही नहीं। उन्होंने बताया कि इनमें से अधिकांश नेता पार्टी से बहुत पहले ही निष्कासित किए जा चुके थे, कुछ को भ्रष्टाचार के मामलों के कारण बाहर किया गया था और कुछ को पार्टी अनुशासन तोड़ने के लिए बाहर का रास्ता दिखाया गया था। कोई पांच साल पहले, कोई दस साल पहले निष्कासित हो गया है, मुख्यमंत्री का यह बयान स्पष्ट करता है कि भाजपा के लिए इन नेताओं का जाना कोई क्षति नहीं, बल्कि पार्टी के शुद्धिकरण का हिस्सा है। मुख्यमंत्री का सबसे महत्वपूर्ण बयान तब आया जब उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा अपना ही माल था तुम्हारा, तुम ही ले जाओ। इस मुहावरे के जरिए उन्होंने कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि वे उन्हीं लोगों को वापस ले रहे हैं जिन्हें भाजपा ने कभी अवांछित मानकर हटा दिया था। समीक्षात्मक दृष्टि से देखा जाए तो, मुख्यमंत्री धामी का यह वीडियो उनकी राजनीतिक परिपक्वता और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। वे न केवल विपक्ष के हमलों का कड़ा जवाब दे रहे हैं, बल्कि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर झूठे नैरेटिव चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं और वे सिर्फ अफवाहें फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इन झूठे नैरेटिवों का जवाब देगा और जनता को सच बताएगा। मुख्यमंत्री धामी ने अपनी सख्त छवि और बेबाक अंदाज से एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *