Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धाकड़ धामी नहीं अब ‘धुरंधर धामी’: हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सीएम धामी के कार्यकाल की जमकर सराहना

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के चार वर्ष का गौरवशाली कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में शनिवार को एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा एक ऐतिहासिक समागम में बदल गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए उत्तराखंड की पावन धरा को शीश झुकाकर नमन किया और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ‘विजय हैट्रिक’ बनाने का आ“वान किया। रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत देवभूमि की महिमा का बखान करते हुए की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि वेदों और देवों की भूमि है, जिसे साक्षात देवताओं का निवास स्थान कहा जाता है। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा मुझे लंबे समय तक उत्तराखंड में काम करने का अवसर मिला है। जब मैं उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री था, तभी मेरे कार्यकाल में उत्तर प्रदेश का विभाजन होकर उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों के सौम्य स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ के लोग स्वभाव से बहुत विनम्र होते हैं, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर उनके व्यक्तित्व में पर्वत जैसी अटलता और दृढ़ता देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि यहाँ का कण-कण देश की आध्यात्मिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की की नई राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा मैंने पूर्व में इन्हें धाकड़ धामी कहा था, लेकिन इनके धुआंधार और करिश्माई काम को देखते हुए अब इन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहा जाना चाहिए। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि कैसे एक छोटे से राज्य ने इतने कम समय में विकास के कई मानकों में देश में अव्वल स्थान प्राप्त कर लिया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि चार वर्ष के कार्यकाल में धामी ने ‘चौका’ मारा है और छह वर्ष पूरे होने पर वे ‘छक्का’ मारने में भी कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने जनता के दिलों में अपनी जगह बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *