Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

भारत की बड़ी सफलता : होर्मुज से 46 हजार मीट्रिक टन गैस लेकर भारत लौटा ‘नंदा देवी’ जहाज

जामनगर(उद संवाददाता)। भारत की ऊर्जा सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार सुबह जामनगर के वडीनार (कांडला) पोर्ट पर एलपीजी का विशाल कार्गाे लेकर भारतीय जहाज एमटी नंदा देवी सफलता पूर्वक पहुंच गया है। दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन सुशील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जहाज करीब 46,500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर सुबह 2ः30 बजे पोर्ट के एंकरिज क्षेत्र में लंगर डाल चुका है। चेयरमैन सुशील कुमार सिंह ने बताया कि नंदा देवी द्वारा लाए गए इस विशाल कार्गाे को गहरे समुद्र में ‘शिप-टू-शिप’ प्रक्रिया के माध्यम से दूसरे जहाज में स्थानांतरित किया जाएगा। यह जटिल प्रक्रिया आज से ही शुरू कर दी गई है। चेयरमैन ने जहाज के कैप्टन और क्रू से मुलाकात कर इस चुनौतीपूर्ण मिशन को सुरक्षित पूरा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया और पूरी प्रक्रिया के दौरान तकनीकी सहयोग का भरोसा दिया। सामरिक और सुरक्षा के लिहाज से एमटी नंदा देवी की यह यात्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। हाल के दिनों में यह दूसरा भारतीय एलपीजी जहाज है जिसने तनावपूर्ण स्थितियों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित पार कर भारतीय तट तक अपनी पहुंच बनाई है। इससे एक दिन पहले ही एलपीजी कैरियर शिवालिक 40,000 मीट्रिक टन गैस लेकर मुंद्रा पोर्ट पहुंचा था। अधिकारियों के अनुसार, इन जहाजों के सुरक्षित आगमन से देश में रसोई गैस की आपूर्ति श्रृंखला को बड़ी मजबूती मिली है। मुंद्रा और वडीनार पोर्ट पर उतरे इस कार्गाे का वितरण देश के विभिन्न हिस्सों में किया जाएगा, जिससे घरेलू सिलिंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। क्षेत्र में भारतीय जहाजों और क्रू की सुरक्षा के लिए नौसेना और संबंधित एजेंसियां कड़ी निगरानी रख रही हैं ताकि भारत की ऊर्जा सुरक्षा में कोई बाधा न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *