जेवर-नकदी छोड़ भरा हुआ गैस सिलेंडर उठा ले गए चोर
रात में घर में घुसे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
रुद्रपुर। शहर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में घुसे, लेकिन उन्होंने न तो सोने-चांदी के जेवरों को हाथ लगाया और न ही घर में रखी नकदी को। इसके बजाय चोर रसोई में रखा भरा हुआ गैस सिलेंडर उठाकर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार घटना बीती रात की बताई जा रही है। सुबह जब परिवार के लोगों ने रसोई में देखा तो गैस सिलेंडर गायब था। घर में अन्य सामान और कीमती वस्तुएं सुरक्षित मिलने से परिवार भी हैरान रह गया।बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार द्वारा ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस भी मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच में जुट गई है।इधर क्षेत्र में यह अनोखी चोरी चर्चा का विषय बन गई है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि संभवतः चोर की मजबूरी रही होगी और घर में गैस खत्म होने के कारण उसने सिलेंडर उठा लिया होगा। हालांकि सिलेंडर चोरी के पीछे असली वजह क्या है, यह तो पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।फिलहाल इलाके में यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है कि चोर घर में घुसा, लेकिन जेवर और नगदी छोड़कर केवल गैस सिलेंडर ही लेकर चला गया। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से हर जगह गैस सिलेंडर किल्लत होने से लोगों की मारामारी मची हुई वहीं अब सिलेंडर चोरी की घटना से लोगों में भय व्याप्त हो गया है।
