उत्तराखंड में तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकारः अमित शाह
केन्द्रीय गृह मंत्री ने हरिद्वार में किया 1100 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तराखण्ड में 2027 में तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां यहां पर फिर से भाजपा सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पहुंचते ही अमित शाह ने मंच से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री ने 1129-91 करोड़ की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में 2000 पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र भी दिए गए। इस दौरान अमित शाह ने पाकिस्तानी हिंदुओं को नागरिकता प्रमाण पत्र दिये। कार्यक्रम के दौरान वीडियो क्लिप के माध्यम से प्रदेश में संचालित विकास कार्यों और उपलब्धियों को संक्षेप में प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि राज्य सरकार के चार वर्षों के कार्यकाल में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में बताया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने सबसे पहले उपस्थित जनसमूह को प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दिलवाया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देवभूमि और यहां के तीर्थ स्थलों को नमन करते हुए कहा कि आज धामी सरकार के चार साल पूरे होने के साथ साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार के नौ साल भी आज पूरे हो रहे हैं। अभी अभी मोदी जी आये थे,उत्तराखण्ड का 25 साल का महोत्सव शुरू कर गये। आज उत्तराखण्ड की जनता को बताने आया हूं कि एक जमाना था जब उत्तराखण्ड को अलग राज्य बनाने और अपने अधिकारों और यहां की संस्कृति को बचाने के लिए यहां के युवा सड़कों पर थे,तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने सहन न हो सकने वाला दमन उत्तराखण्ड के युवाओं का किया था। अनेक युवाओं को गोली लगी और उन्होंने अपना बलिदान दिया। रामपुर तिराहा की घटना आज भी उत्तराखण्डवासी भूले नहीं हैं। आज सबको बताने आया हूं कि उस वक्त भाजपा के वरिष्ठ नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उत्तराखण्ड की रचना करने का काम किया। कांग्रेस के लोग कह रहे थे कि छोटे राज्य कैसे टिकेंगे। अटल जी ने तीन छोटे राज्य बनाये थे उत्तराखण्ड,छत्तीसगढ़ और झारखण्ड। आज तीनों राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। आज हमारी सरकार के नौ साल पूरे हो रहे हैं। मैने पहले ही कहा था कि अटल जी ने राज्य बनाया है,मोदी जी इसे संवारने का काम करेंगे। इन चार सालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक-एक समस्या को चुन-चुनकर समाप्त करने का रचनात्मक काम किया है। आज उत्तराखण्ड विकास के रास्ते पर दिन-दूनी-रात-चौगुनी गति से आगे बढ़ रहा है। आज भी यहां बड़ी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। आज यहां पर नई न्याय संहिताओं की प्रदर्शनी का भी उदघाटन हो रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि न्याय प्रणाली से जुड़े लोग और माताएं-बहनें इस प्रदर्शनी को जरूर देखें। अंग्रेजों द्वारा बनाये गये कानूनों को मोदी जी के नेतृत्व में समाप्त किया गया है। गृह मंत्री ने कहा कि 2028 तक कानून में बड़ा बदलाव आ जायेगा। जिसके बाद कोई भी नागरिक पुलिस थाने में जाकर एफआईआर दर्ज करायेगा तो तीन साल में सुप्रीम कोर्ट तक की सारी न्याय प्रक्रिया पूर्ण हो जायेगी। अब समय पर न्याय मिलेगा। ये दुनिया की सबसे आधुनिक और वैज्ञानिक न्याय संहितायें हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार की चार साल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा को सेवा का अवसर दिया था। आज प्रदेश में असंभव से दिखने वाले कार्य भी संभव हो रहे हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा,विधानसभा अध्यक्ष रितु भूषण खंडूड़ी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, सांसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, सांसद नरेश बंसल, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन सहित तमाम वीआईपी मौजूद रहे।
