राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मां नयना देवी और कैंची धाम में की पूजा-अर्चना
नैनीताल (उद संवाददाता)। अपने नैनीताल प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार प्रातः प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देश की सुख, शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मु सबसे पहले शक्तिपीठ मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां नयना देवी की पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर मंदिर समिति के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। पूजा- अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण छा गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। इसके पश्चात राष्ट्रपति मुर्मु ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। धाम आगमन पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह तथा कैबिनेट मंत्री डॉ- धन सिंह रावत मौजूद रहे। राष्ट्रपति की इस धार्मिक यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए थे। राष्ट्रपति मुर्मु के दोनों स्थलों पर दर्शन और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रपति के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए इसे उत्तराखण्ड की आस्था स्थलों के लिए गौरव का क्षण बताया।

