Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर : अधिकारियों ने निरीक्षण कर खुलवाए अवरुद्ध मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड सहित नैनीताल जनपद में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण वंदना ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क निर्माण एजेंसियों को चेतावनी दी है कि वर्षा से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें प्राथमिकता से खोलकर यातायात को शीघ्र सुचारु किया जाए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी थाना व चौकियों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि में कोई भी अधिकारी/कर्मचारी अपना मोबाइल फोन बंद नहीं रखेगा। मार्गों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ उनके भोजन व आवास की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा से पूर्व मार्गों की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा नदी-नालों व तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। किसी भी आपदा की स्थिति में सूचना जिला आपदा परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 05942-231178 अथवा टोल Úी नंबर 1077 पर दी जा सकती है। सोमवार को हुई भारी बारिश के बीच जिले के सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं पहुंचकर निरीक्षण किया। कई स्थानों पर अवरुद्ध मार्ग अधिकारियों की मौजूदगी में तत्काल जेसीबी लगवाकर खुलवाए गए। प्रशासन ने भूस्खलन और अतिसंवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। इसके अलावा नगर निगम व नगर पालिका की टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *