August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दो गांव के पास दरका पहाड़,आवाजाही ठप्प

नैनीताल (उद संवाददाता)। क्षेत्र में हो रही निरन्तर बारिश के चलते अनेक स्थानों पर पहाड़ों से भारी पत्थरों के गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर आज रविवार को सुबह दो गांव के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्र में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। देखते ही देखते पूरा मार्ग मलबे से पट गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। अचानक सड़क बंद होने से कई वाहन और यात्री रास्ते में फंस गए। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। वरना बड़ी घटना हो सकती थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब साढ़े सात बजे काठगोदाम मार्ग पर दो गांव के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक चटक गया। इसके बाद बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा। मार्ग बंद होने के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि भूस्खलन के वक्त कोई वाहन उस स्थान से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर एनएचएआई की टीम जेसीबी और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि सड़क से मलबा और बोल्डर हटाने के लिए मशीनें मौके पर भेजी गई हैं। टीम जल्द से जल्द मार्ग को यातायात के लिए खोलने में जुटी है। वहीं प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *