बोलेरो पर बोल्डर गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत,तीन घायल
रुद्रप्रयाग(उद संवाददाता)। उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के चलते सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह केदारनाथ यात्र मार्ग पर सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डरों की चपेट में एक बोलेरो वाहन आ गया। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, जबकि घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बोलेरो में 11 यात्री सवार थे, जो उत्तरकाशी से केदारनाथ यात्र के लिए आए थे। सुबह करीब सवा सात बजे वाहन जैसे ही मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन से गुजरा, तभी ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे और बोलेरो उनकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 30 वर्षीय रीता पत्नी उदय सिंह, निवासी सियालब थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी, 50 वर्षीय चंद्र सिंह पुत्र कलम सिंह, निवासी सियालब थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी की मौत हो गयी। जबकि नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी सियालब थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी। , ममता (29 वर्ष) पत्नी चौन सिंह पवार, निवासी सियालब थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी। एवं प्रतिभा (25 वर्ष), पुत्री गिरवर सिंह, निवासी सियालब थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों व एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और सोनप्रयाग अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल नवीन सिंह और ममता को को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
