फैक्ट्री से घर लौटने पर श्रमिक की मौत ,परिजनों ने शव गेट पर रखकर किया हंगामा
रुद्रपुर। बुधवार की सायं सिडकुल सेक्टर 6 स्थित एक फैक्ट्री से घर लौटने पर एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव फैक्ट्री गेट पर रखकर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस व फैक्ट्री के प्लांट हेड के साथ पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व समाजसेवी सुशील गाबा संग परिजनों की हुई वार्ता के पश्चात परिजन शव अपने साथ ले जाने को सहमत हुए। बताया जाता है कि सिडकुल की विंडल्स प्रिसिजन कम्पनी में रेशमवाड़ी निवासी 45 वर्षीय खानचन्द पिछले करीब 18 वर्षों से मशीन चलाने का काम करता था। बुधवार की दोपहर वह गेट पास लेकर कम्पनी से घर लौट आया जहां उसकी हालत अचानक तेजी से बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गये जहां खानचंद की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों के साथ तमाम मौहल्लेवासी शव टेम्पों में रखकर फैक्ट्री गेट पर जा पहुंचे और उन्होंने अज्ञात लोगों पर एक साजिश रचकर खानचन्द को जहर देने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व समाजसेवी सुशील गाबा भी मौके पर आ गये और उन्होंने परिजनों के साथ ही सिडकुल चौकी पुलिस प्रभारी व कम्पनी के प्लांट हेड़ राजेश सिप्पल से बातचीत की। जिसके बाद मृतक के भाई व पुत्र ने कम्पनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। सभी लोगों द्वारा काफी समझाने के बाद परिजन शव अपने साथ ले जाने को राजी हुए। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।


