October 31, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

शराब की पांच दुकानों पर चोरों का धावा,लाखों की नगदी समेत शराब उड़ाई

रूद्रपुर/ किच्छा (उद संवाददाता)। रूद्रपुर व किच्छा क्षेत्र में अलग अलग स्थानों पर कार सवार अज्ञात चोरों ने एक ही रात्रि में चार अंग्रेजी व एक देशी शराब की दुकानों के ताले तोड़कर वहां से लाखों रूपये की नगदी और हजारों रूपये कीमत की शराब चोरी कर ली। जानकारी मिलने पर पुलिस ने सभी दुकानों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। रूद्रपुर-चोरी की एक घटना में किच्छा रोड़ पर शुक्रवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने अंग्रेजी शराब की दुकान के ताले तोड़कर वहां से लाखों की नगदी व शराब की कई बातलें चोरी कर लीं। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। जिसमें पूरी घटना कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार किच्छा रोड़ पर भूतबंगला गेट के पास अनुज्ञापी मानसी बत्र की अंग्रेजी शराब की दुकान है। दुकान के सेल्स मैन जीवन सिंह कुंजवाल ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी। आज प्रातः लगभग पौने नौ बजे जब दुकान खोलने के लिए आये तो दुकान के दोनों ताले नदारद मिले जबकि शटर बंद था। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस के साथ ही दुकान स्वामी को दी गई। सूचना के कुछ देर बाद ही दुकान स्वामी और पुलिसकर्मी आ पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी कमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि कार सवार चार लोग रात्रि लगभग ढ़ाई बजे दुकान पर आये और उन्होंने दुकान के ताले तोड़े और शटर उठाकर भीतर आ गये। जहां से उन्होंने गल्ले में रखी करीब एक लाख रूपये से अधिक की नगदी और शराब की कई बोतलें चुराई औेर कार में सवार होकर भाग गये। दुकान स्वामी ने बताया कि दुकान की बिक्री का रिकार्ड देखने के बाद ही सही पता चल सकेगा कि गल्ले में कितने रूपये और दुकान में कितनी शराब मौजूद थी। वहीं ट्रांजिट कैम्प स्थित देशी शराब की दुकान के कार सवार चोरों ने मध्य रात्रि करीब तीन बजे ताले तोड़े। दुकान सेल्समैन ब्रह्मस्वरूप ने बताया कि प्रातः करीब नौ बजे दुकान खोलने आये तों दुकान के ताले गायब थे। भीतर जाकर देखा तो दुकान के गल्ले में बिक्री की रखी करीब 65 हजार की नगदी नदारद थी। मामले की सूचना अनुज्ञापी बलदेवराज और पुलिस को दी दी गई। इधर कार सवार अज्ञात चोरों ने ही मध्य रात्रि करीब 3ः 50 बजे बिलासपुर रोड़ पर महाविद्यालय के समीप अंग्रेजी शराब की उप दुकान रोड़वेज बस अड्डा नम्बर एक दुकान के भी ताले तोडे। अनुज्ञापी मोहन सिंह बिष्ट की इस दुकान के सेल्समैन प्रतापसिंह नैनवाल ने बताया कि रात्रि करीब 11 बजे दुकान बंद की गई थी। प्रातः लगभग 9 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के ताले नहीं लगे थे। जब अन्दर जाकर देखा तो दुकान के गल्ले से बिक्री के रखे करीब 3 लाख रूपये और हजारों कीमत की शराब की बोतलें नदारद थीं। उसने बताया कि घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इधर पुलिस का कहना है कि तीनों दुकानों में हुई चोरी की वारदातें एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दिये जाने का सन्देह है। पुलिस सभी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज मिलाकर देख रही है। हर घटना में कार सवार चार व्यक्ति ही दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पुलिस चोरों तक पहुंच जायेगी। वहीं किच्छा के दरऊ चौक व बरा की अंग्रेजी शराब की दुकान पर भी अज्ञात चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर लाखों की नगदी और हजारों रूपये कीमत की शराब चोरी कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *