सीएम धामी से मिले नव निर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधि : शपथ ग्रहण समारोह में आने का दिया न्यौता
देहरादून। उधम सिंह नगर से हाल ही में निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य के नेतृत्व में जिले के नवनिर्वाचित पंचायत सदस्य एवं जनप्रतिनिधियों ने बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए औपचारिक न्यौता भी दिया।भेंट के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य व अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री धामी को भगवान गणपति की प्रतिमा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी निर्वाचित सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के प्रति ईमानदारी और समर्पण भाव से कार्य करने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि जनता ने पंचायत प्रतिनिधियों को गांव-गांव और घर-घर की उम्मीदों को पूरा करने के लिए चुना है, इसलिए पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधियों से जिले में संचालित और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी ली तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव और पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे स्वयं शपथग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि बनकर शामिल हों। इस पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस समारोह में पहुंचकर पंचायत प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करें। भेंट के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, खटीमा ब्लाक प्रमुख रविन्द्र राणा, जिला पंचायत सदस्य चरनजीत सिंह, ग्राम प्रधान रजविंदर सिंह, सुरेन्द्र कौर, शिल्पी सिंह, मानवेन्द्र सिंह, ठाकुर अश्वनी मौ. हसन, भगत सिंह, गौरव चौधरी, जरनैल सिंह, मुनीर खान, सुखदेव हाल्दार, सतीश मौर्य, विरेन्द्र मौर्य, सदफ मलिक, रियाजुल हक मलिक, सूर्य नारायण, सतीश भट्ट, रमेश ढींगड़ा, सागर धामी, भवानी भंडारी आदि नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य एवं उधमसिंहनगर के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

