अंबाला में टिहरी के युवक की निर्मम हत्या: सीएम धामी ने हरियाणा सरकार से की कार्रवाई की मांग
देहरादून।अंबाला में उत्तराखंड के युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले के संज्ञान में आते ही हरियाणा सरकार से बात कर आरोपियों खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक युवक की पहचान साहिल बिष्ट (30) पुत्र देवराज सिंह बिष्ट निवासी टिहरी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार साहिल अंबाला के एक होटल में काम करता था। 13 अगस्त को रोज की तरह ही साहिल रात को ड्यूटी ख़त्म कर कमरे में लौट रहा था। इस दौरान बदमाशों ने लूट के इरादे से साहिल पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।मामले के संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर वार्ता की। सीएम धामी ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने आश्वस्त किया है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस को शीघ्र कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा है कि हरियाणा सरकार इस पूरे मामले में हर संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड सरकार न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ है।
