कल्याणी नदी में डूबे सूरज का सत्रह घंटे बाद मिला शव: परिवार की मदद के मेयर ने बढ़ाये हाथ
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। बुद्धवार की दोपहर कल्याणी नदी में डूबे सूरज का शव प्रातः करीब 5 बजे उसके भाईयों ने अपने साथियों की मदद से फाजलपुर महरौला में कल्याणी नदी में खोज निकाला और उसे बाईक पर रखकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। राहुल का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ही पुलिसकर्मी भी आ पहुंचे । शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ ही वार्ड वासियों में स्थानीय विधायक और एसडीआरएफ की टीम के प्रति गहरा रोष दिखाई दिया। लोगों का आरोप था कि पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थानीय विधायक नदारद रहे तो वहीं एसडीआरएफ टीम ने भी राहुल को ढ़ूढ़ने में महज औपचारिकता ही निभाई। यदि सूरज की गंभीरता से तलाश की जाती तो उसका शव कल बुद्धवार को ही कल्याणी नदी से बरामद कर लिया जाता। गौरतलब हो कि रम्पुरा वार्ड 22 निवासी 16 वर्षीय सूरज पुत्र स्व- लेखराज सिडकुल स्थित एमबी प्लाईवुड फैक्ट्री में काम के लिए गया था जहां जलभराव होने के कारण सभी कर्मियों का वापस भेज दिया गया था। दोपहर 12 बजे फैक्ट्री से आने के बाद सूरज दोस्तों के साथ कल्याणी नदी में नहाने चला गया। इसी दौरान वह नदी में डूब गया। तब से उसकी निरंतर खोजबीन की जा रही थी। सायंकाल तक जब सूरज का पता नहीं चला तो एसडीआरएफ की टीम सुबह तलाशने की बात कहकर वापस लौट गई। लेकिन परिजनों ने हार नहीं मानी और वह लगातार सूरज की नदी में तलाश करते रहे। आज प्रातः करीब 5 बजे सूरज का भाई रूपेश व जितिन अन्य साथियों अर्जुन, अमन, सचिन आदि के साथ सूरज की तलाश करते फाजलपुर महर।ैला में कल्याणी नदी के किनारे पहुंचे तो उन्हें नदी में मानव का अंग दिखाई दिया। जिस पर सभी ने उसे नदी से बाहर निकाला तो देखा वह सूरज का ही शव था। उन्होंने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद चन्दा सहित परिजनों को दी। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को बताया। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही दोस्तों द्वारा सूरज के शव को बाईक पर रखकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर परिजन वहां आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की। मृतक सूरज पांच भाईयों में दूसरे नम्बर का था। उसकी एक बहन भी है। मां मिथलेश कोली सहित सभी का रो रोकर बुरा हाल हो गया है।
कल्याणी नदी में बहे किशोर के परिवार को महापौर ने बंधाया ढांढस
रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने कल्याणी नदी के तेज बहाव में बहकर असमय जान गंवाने वाले सूरज कोली के परिवार से उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान महापौर ने मृतक की मां को नगर निगम में नौकरी देने की घोषणा करते हुए कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है, ऐसे में नगर निगम उन्हें सहारा देने का प्रयास करेगा। साथ ही उन्होंने मृतक की बहन की शिक्षा का पूरा खर्च वहन करने और विवाह में हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भी ऐलान किया।बता दें कि बुधवार को रम्पुरा निवासी सूरज कोली पुत्र स्वर्गीय लेखराज कोली नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन एवं राहत दलों द्वारा चलाए गए रेस्क्यू अभियान के तहत बृहस्पतिवार तड़के उसका शव बरामद किया गया। जानकारी मिलने के बाद महापौर विकास शर्मा ने गुरूवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि किशोर की मौत की घटना दुखद है। नगर निगम परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मृतक किशोर के पिता का निधन पूर्व में ही हो चुका है। मृतक किशोर परिवार का सहारा था।महापौर विकास शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी थी। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही यह सहायता राशि परिजनों को सौंपी जाएगी।महापौर ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मृतक की मां को नगर निगम में नौकरी देने की घोषणा की साथ ही उन्होंने मृतक की बहन की शिक्षा का खर्च उठाने और उसकी शादी में भी परिवार को हरसंभव मदद देने का ऐलान किया।
