Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में गांवों में भारी उत्साह: 2 बजे तक 41.87% प्रतिशत मतदान

प्रदेश भर के 89 विकासखंडों में शांतिपूर्ण पड़े वोट,17 हजार से अधिक प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद
देहरादून/रूद्रपुर/नैनीताल। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को प्रदेश के 89 विकासखंडों में शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुआ। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, त्रि स्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 में आज 24 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक 41.87% प्रतिशत मतदान हुआ है। विदित हो कि सुबह 10 बजे तक 11.72 प्रतिशत और 12 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस चरण में 26 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रदेश भर में कुल 5823 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिला मतदाताओं की भी उत्साहजनक भागीदारी देखी जा रही है। प्रथम चरण में ग्राम पंचायत सदस्य के 2247, ग्राम प्रधान के 9731, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 4980 और जिला पंचायत सदस्य के 871 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों का भाग्य आज शाम तक मतपेटियों में बंद हो जाएगा, जिसकी गणना आगामी चरणों की समाप्ति के बाद 31 जुलाई को होगी। पहले चरण के मतदान के दौरान गांवों में भारी उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह जनपद के नगला तराई स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 3 पर मतदान किया। प्रदेश भर में प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। हर पोलिंग बूथ पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को लगातार निगरानी में रखा गया है। प्रदेश के कई संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

रुद्रपुर-जिले के चार विकास खण्डों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान शांति पूर्ण हुआ। ग्रामीण क्षेत्रें में चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। स्थापित किये गये मतदान केन्द्रों में प्रातः से ही मतदाताओं की लाईन लगनी शुरू हो गई थी। जिनमें महिलाओं की संख्या भी काफी ज्यादा रही। आज मौसम के भी सामान्य होने से पोलिंग बूथों पर भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने पहुंचे। मतदान केर्न्द्रों के बाहर वार्ड मेम्बर, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पदों के प्रत्याशी व उनके समर्थक बूथों पर मतदान के लिए आ रहे मतदाताओं से अपने अपने पक्ष में मतदान करने का आग्रह कर रहे थे। सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किये गये थे। प्रथम चरण में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा क्षेत्र के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नगला तराई में बूथ न0 3 पर लाईन में लगकर मतदान किया। मुख्यमंत्री के साथ उनकी माताजी श्रीमती बिशना देवी ने भी मतदान किया।मुख्यमंत्री ने सभी ग्रामीण मतदाताओं से त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में उत्साह पूर्वक मतदान करने की अपील की ।उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट राज्य में पंचायतों को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। पहले चरण के मतदान में ं कुमांऊ आयुंक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल व एडीएम पंकज उपाध्याय ने बाजपुर के अनेक बूथों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं जिलाधिकारी नितिन भदौरिया व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रें के सभी मतदान केर्न्द्रों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। पहले चरण में जनपद उधमसिंह नगर के चार ब्लाकों गदरपुर, सितारगंज, बाजपुर व खटीमा की 246 ग्राम पंचायतों में प्रथम चरण का मतदान कराया जा रहा है। इसके लिए 424 मतदान केन्द्र व 922 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। शेष तीन ब्लाकों काशीपुर, जसपुर व रूद्रपुर में आगामी 28 जुलाई को होने वाले दूसरे चरण में मतदान कराया जाना है। आज शाम तक खटीमा ब्लाक के जिला पंचायत की 6 सीटों के लिए 20, ग्राम प्रधान कीे 29 सीटों के लिए 238 व क्षेत्र पंचायत कीे 40 सीटों के लिए 154, सितारगंज ब्लाक के जिला पंचायत की 6 सीटों के लिए 36, ग्राम प्रधान कीे 76 सीटों के लिए 271 व क्षेत्र पंचायत कीे 40 सीटों के लिए 169 , गदरपुर ब्लाक के जिला पंचायत की 5 सीटों के लिए 33, ग्राम प्रधान की 52 सीटों के लिए 209 व क्षेत्र पंचायत की 40 सीटों के लिए 167 तथा बाजपुर ब्लाक के जिला पंचायत की 5 सीटों के लिए 26, ग्राम प्रधान की 59 सीटों के लिए 233 व क्षेत्र पंचायत की 40 सीटों के लिए 190 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों मे बंद हो जायेगा। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों का मुख्य ध्यान चयनित किये गये अतिसंवेदनशील व संवेदनशील मतदान केर्न्द्रों की ओर लगा रहा और वह वहां की व्यवस्थाओं की पल पल खबर लेते रहे। मतदान के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। मतदान केर्न्द्रां पर दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को लाने व उन्हें पहुंचाने के लिए निजी वाहनों का उपयोग करने की अनुमति प्रदान की गई थी। साथ ही उनका प्राथमिकता के आधार पर मतदान कराया जा रहा था। आज प्रथम चरण के हो रहे मतदान में कुल 4,86,448 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। जिनमें 2,35,985 महिलायें व 2,50,322 पुरूष मतदाता शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक जनपद में लगभग 42 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जा चुका था। मतदान केन्द्रों में पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करने आये युवा उत्साहित नजर आये। उन्होंने कहा कि मतदान करने के बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ खूब सेल्फी भी ली। उनका कहना था कि मतदान उसी प्रत्याशी के पक्ष में किया है जिससे ग्राम के विकास की पूरी अपेक्षा है साथ ही जो ग्रामवासियों की हर समस्या का समाधान करा पाने में सक्षम है।

नैनीताल-त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत आज जिले के चार विकास खण्डों में 312 बूथों पर मतदान हुआ। विकासखंड रामगढ़, धारी, बेतालघाट एवं ओखलकांडा के कुल 312 मतदान केंद्रों पर सुबह 8ः00 बजे से मतदान शुरू हुआ। निर्वाचन की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को निर्बाध एवं निष्पक्ष बनाए रखने हेतु लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल अनामिका ने आज त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत प्राथमिक विद्यालय सूफी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनपद में सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *