उत्तराखंड निवेश उत्सव की तैयारियों का मुख्यमंत्री,मुख्य सचिव और डीजीपी ने लिया जायजा
रुद्रपुर। बहुप्रतीक्षित उत्तराखंड निवेश उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद वर्धन एवं पुलिस महा निदेशक दीपम सेठ शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रें का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा सहित समस्त व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने कल केंद्रीय मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में होने वाली उत्तराखंड निवेश महोत्सव कार्यक्रम की व्यवस्थाओं जायजा लिया। वहीं गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी रूद्रपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय करने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लेकर निवेशकों में उत्साह है। राज्य में व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार कार्य कर रही है। प्रदेश के युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। मुख्य सचिव व डीजीपी ने विशेष रूप से स्टेडियम परिसर में की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी प्रकार की चूक की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि 19 जुलाई को रुद्रपुर के अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित उत्तराखंड निवेश उत्सव में भारत सरकार के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान राज्य में विभिन्न उद्योगों एवं परियोजनाओं से संबंधित एक लाख करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग की जाएगी, जिससे प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नया आयाम मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने कानून व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य के आर्थिक परिदृश्य को नई दिशा देगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि निवेश उत्सव से न केवल राज्य में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश आएगा, बल्कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने आम जनमानस से भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि उत्तराखंड अब निवेश की दृष्टि से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। निवेश उत्सव के माध्यम से राज्य में औद्योगिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिलेंगे। इस दौरान जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रासहित जिले के समस्त प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
