Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ में उड़ान पर प्रतिबंध के बावजूद हेलीकॉप्टर से पहुंचे बीकेटीसी अध्यक्ष ने उड़ाई नियमों की धज्जियां ?

कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने बीकेटीसी अध्यक्ष को घेरा,एक्शन मोड में डीजीसीए और यूकाडा
देहरादून। केदारनाथ में हेलीकॉप्टर उड़ान प्रतिबंधित होने के बावजूद बीकेटीसी अध्यक्ष के हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचने पर कांग्रेस की त्योरियां चढ़ गई हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने गरिमा दसौनी ने बदरी केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को इस मसले पर घेरते हुए ,उन पर नियम कानून नियमों की धज्जियां उड़ाने और वीआईपी संस्कृति का खुला समर्थन करने का आरोप लगाया है। दसौनी ने अपने आरोप में कहा कि जब आम श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से केदारनाथ में हेली उड़ानों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है, तो बीकेटीसी अध्यक्ष को यह विशेष छूट कैसे और क्यों दी गई? यह सीधा-सीधा एक देश, दो नियम की स्थिति को दर्शाता है। केदारनाथ में वीआईपी के लिए हेली उड़ान प्रतिबंध की धज्जियां उड़ाए जाने पर डीजीसीए और यूकाडा पर सवाल दागते हुए दसौनी ने कहा, कि डीजीसीए और यूकाडा स्पष्ट करें कि इस उड़ान की अनुमति किस आधार पर दी गई? उधर, प्रतिबंध के बावजूद हेलीकॉप्टर केदारनाथ ले जाने पर डीजीसीए और यूकाडा भी एक्शन मोड में आ गए हैं और इस मामले में संबंधित हेली कंपनी को नोटिस भेजा गया है। प्राइवेट कंपनी को नोटिस भेजने के साथ ही इस मामले की जांच भी की जा रही है। उत्तराखंड सिविल एविएशन एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ आशीष चौहान ने इस समूह के मामले पर एक्शन लेने की बात कहते हुए बताया कि केदारनाथ में हेली सेवा प्रतिबंधित होने के बावजूद दो दिन पहले एक प्राइवेट कंपनी के हेलीकॉप्टर के हेली उड़ान भरने और मौसम खराब होने पर हेलीकॉप्टर के पूरा एक दिन तक वहीं रुकने को मजबूर होने तथा अगले दिन मौसम साफ होने पर हेलीकॉप्टर के वापस आने की जानकारी सामने आई है। खबर मिली है कि इस हेलीकॉप्टर में बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और उनके साथ कुछ और लोग भी केदारनाथ पहुंचे थे। इसके अलावा यूकाडा में इस मामले की जांच कर रहे संजय टोलिया ने बताया कि बीते दो दिन पहले केदारनाथ में प्रतिबंध के बावजूद हेलीकॉप्टर फ्लाई किया गया है। जांच अधिकारी टोलिया ने आगे बताया कि इस मामले की जांच एक-दो दिन में पूरी हो जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जैसे ही मामला संज्ञान में आया, सबसे पहले प्राइवेट कंपनी को फ्लाइंग एसओपी,यूकाडा और डीजी सीए के मानकों के आधार पर नोटिस भेजा गया। इस प्रकरण पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। इस तमाम घटना क्रम से पल्ला झाड़ते हुए उनका कहा कि मैंने हेलीकॉप्टर से बुकिंग की थी। इससे जुड़ा जो भी विवाद है उससे हमारा कोई लेना देना नहीं है। द्विवेदी के अनुसार हेली के कागज, परमिशन से जुड़ी जानकारी के लिए वो जिम्मेदार नहीं हैं।
माहरा ने केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर सवाल उठाये
उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार, राज्य निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे सरकारी दबाव में कराई जा रही कार्यवाही बताया है। साथ ही राज्यपाल से निर्वाचन आयोग की बर्खास्तगी की मांग की है। माहरा ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी पर भी सवाल उठाये हैं। माहरा ने कहा कि मानसून के बीच जब सरकार आम यात्रियों से पैदल जाने की अपील करती है, तब इतने बड़े पद पर बैठा व्यक्ति खुद हेलीकॉप्टर से यात्रा कर नियमों की अवहेलना करता है। माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *